जशपुर

नारायणपुर पहाड़ी क्षेत्र में विमान दुर्घटना की खबर महज अफवाह, एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने की जंगल में आग लगने की पुष्टि…

जशपुर । छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नारायणपुर पहाड़ी क्षेत्र में विमान क्रैश होने की खबर फैलने के बाद पुलिस और प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया था, लेकिन गहन जांच के बाद अब स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी लाल उम्मेद सिंह ने हिंद शिखर से बात करते हुए कहा कि पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और अब तक केवल जंगल में आग लगने की ही पुष्टि हो पाई है। उन्होंने बताया कि सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है ताकि किसी भी तरह के संदेह की गुंजाइश न रहे, हालांकि विमान हादसे जैसे कोई भी ठोस सबूत नहीं मिले हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने दूर पहाड़ी पर धुआं और तेज रोशनी देखी थी, जिसे विमान दुर्घटना मानकर यह भ्रामक खबर तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमों ने दुर्गम और जंगली रास्तों पर मोर्चा संभाला और रात भर तलाशी अभियान चलाया। छत्तीसगढ़ सरकार और जिला प्रशासन ने भी इस घटना का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह गलत बताया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जिसे लोग विमान का मलबा या धुआं समझ रहे थे, वह वास्तव में जंगल की आग थी, जो अक्सर गर्मी के मौसम में पहाड़ियों पर लग जाती है।
प्रशासन ने आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे इस तरह की संवेदनशील जानकारी को बिना आधिकारिक पुष्टि के साझा न करें, क्योंकि इससे क्षेत्र में अनावश्यक भय का माहौल बनता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने हिंद शिखर से चर्चा में यह भी दोहराया कि पुलिस की टीमें अभी भी क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं ताकि सुरक्षा के मानकों पर कोई कमी न रहे। फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और प्रशासन ने इसे पूरी तरह अफवाह करार दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button