सड़क हादसे की आड़ में कत्ल: जादू-टोने के शक में रची गई थी बुजुर्ग की हत्या की साजिश, बोलेरो समेत मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जशपुर / बगीचा : जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना प्रतीत होने वाले एक मामले का खुलासा कर इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है। जादू-टोने के संदेह और टोनही प्रताड़ना के चलते आरोपियों ने एक बुजुर्ग को बोलेरो वाहन से कुचलकर मार डाला था और घटना को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है।
बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जामपानी (सरबकोंबो) निवासी जोयो राम (उम्र 68 वर्ष) की गत 29 सितंबर 2026 को संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया।
पुलिस जांच और गवाहों के बयानों से सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी दीपक यादव, उसके पिता और चाचा मृतक जोयो राम की पत्नी पर ‘टोनही’ होने और जादू-टोना करने का झूठा आरोप लगाते थे। इसी बात को लेकर पिछले दो-तीन वर्षों से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। गांव के ही एक बैगा द्वारा यह अफवाह फैलाई गई थी कि मृतक की पत्नी के जादू-टोने के कारण आरोपी परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब हो रही है। इसी अंधविश्वास के चलते आरोपियों ने बुजुर्ग की हत्या की साजिश रची।
29 सितंबर 2026 की दोपहर को आरोपी पक्ष ने योजना बनाई कि जोयो राम जब अपने मक्का खेत की ओर जाएगा, तब उसे वाहन से कुचलकर मार दिया जाएगा और इसे सड़क हादसा बता दिया जाएगा।
पूर्व नियोजित योजना के तहत 29 सितंबर की शाम करीब 04:00 बजे आरोपी दीपक यादव ने अपने चाचा की बोलेरो वाहन (क्रमांक CG 14 MC 5946) निकाली। जब जोयो राम मेन रोड से कुछ दूरी पर अपने मक्का खेत के सामने खड़े थे, तब आरोपी ने वाहन को आगे ले जाकर वापस मोड़ा और तेज गति से लाकर बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से जोयो राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को सामान्य दुर्घटना दिखाने के लिए आरोपी वाहन लेकर बगीचा की तरफ फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बगीचा पुलिस ने त्वरित दबिश देकर मुख्य आरोपी दीपक यादव (उम्र 21 वर्ष, निवासी जामपानी सरबकोंबो) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जप्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1), 61(2) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5, 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों (पिता, चाचा और बैगा) की तलाश लगातार जारी है।
इस पूरे खुलासे और कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज तथा प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह :
“प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना दिख रहा यह मामला जांच में अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह में की गई सोची-सोची हत्या निकला है। जिले में अंधविश्वास के नाम पर हिंसा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास व ओझा-बैगा के बहकावे में न आएं।”




