उदयपुरसरगुजा संभाग

बेटे ने की 70 वर्षीय पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

घरेलू विवाद में मारपीट कर पिता की जान लेने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

उदयपुर (सरगुजा)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुटा में पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के बाद 43 वर्षीय पुत्र पर अपने 70 वर्षीय पिता की हाथ, लात और मुक्कों से मारपीट कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने मामले में आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। ग्राम पुटा निवासी मृतक मनिनाथ मझवार का अपने पुत्र परबल (उम्र लगभग 43 वर्ष) के साथ घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पुत्र ने कथित तौर पर अपने पिता के साथ हाथ, लात और मुक्कों से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना घर के आंगन में हुई।

देर शाम घर लौटी पत्नी, तब चला घटना का पता

बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतक की पत्नी घर पर नहीं थी। देर शाम जब वह घर लौटी, तब घटना की जानकारी सामने आई। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई। ग्राम पंचायत पुटा के सरपंच नंदा राम ने रात करीब 9 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ फरार होकर जयनगर चला गया था। सूचना मिलने के बाद उदयपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने काफी खोजबीन के बाद रात करीब 1 बजे जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जयनगर से आरोपी को हिरासत में लिया।

फॉरेंसिक टीम ने की जांच, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम सरगुजा ने मौके पर पहुंचकर शव की जांच की। इसके बाद दोपहर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), उदयपुर में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह, एएसआई संजय गुप्त, पीएसआई भीखम लाल साहू, प्रधान आरक्षक संजय नागेश, आरक्षक रविन्द्र साहू, सुरजबली तथा नगर सैनिक नीरज साहू का योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button