उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा संस्था ने शुरू किया वृक्षारोपण एवं वृक्ष संवर्धन अभियान “पेड़ एक-जीवन अनेक”
संस्था द्वारा वृक्षों के संवर्धन का संकल्प लिया जाना अत्यंत सराहनीय- मूलचंद अग्रवाल, उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा संस्था ने पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की अद्भुत पहल की है- नागेश्वरी सिंह

उदयपुर/सरगुजा)। पिछले दिनों उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा, समाज सेवी संस्था, अंबिकापुर, सरगुजा (छत्तीसगढ़) द्वारा वृक्षारोपण एवं वृक्ष संवर्धन अभियान अंतर्गत उदयपुर विकासखंड के सुदूर आदिवासी ग्राम पंचायत केदमा स्थित विद्युत सब स्टेशन परिसर में “पेड़ एक-जीवन अनेक” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मूलचंद अग्रवाल, उप सरपंच केदमा, विशिष्ट अतिथि श्रीमती नागेश्वरी सिंह, जनपद सदस्य केदमा, गिरीश बहादुर सिंह वनपाल वन विभाग तथा मोहर साय लाइनमैन विद्युत विभाग थे, कार्यक्रम की अध्यक्षता उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा, समाज सेवी संस्था के अध्यक्ष संतोष दास सरल ने की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों व हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र छात्राओं, शिक्षक शिक्षिकाओं तथा ग्रामवासियों ने मिलकर 50 फलदार पौधे जिसमें आम, जामुन, सीताफल, अमरूद तथा शहतूत सहित अन्य पौधे शामिल थे का रोपण किया तथा इन वृक्षों के संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप सरपंच केदमा मूलचंद अग्रवाल ने संस्था के इस पहल की तारीफ करते हुए कहा कि उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा, समाज सेवी संस्था ने न केवल वृक्षारोपण का संकल्प लिया है बल्कि उन वृक्षों के संवर्धन का भी संकल्प लिया है जो कि अत्यंत सराहनीय है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जनपद सदस्य केदमा श्रीमती नागेश्वरी सिंह ने संस्था के वृक्षारोपण अभियान पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि संस्था ने इस अभियान के साथ स्कूली बच्चों को जोड़कर उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की अद्भुत पहल की है, संस्था को ढेरों शुभकामनाएं, आगे भी संस्था ऐसे ही जागरूकता अभियान चलाती रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा, समाज सेवी संस्था के अध्यक्ष संतोष दास सरल ने सहयोग के लिए अतिथियों सहित सभी का आभार व्यक्त करते हुए संस्था द्वारा आगे भी वृक्षारोपण को लेकर “पेड़ एक-जीवन अनेक” अभियान लगातार चलाये जाने की बात कही। इस अवसर पर गणमान्य ग्रामवासी वार्ड पंच श्रीमती मीना सिंह, वार्ड पंच श्रीमती बंधानौ बाई, वार्ड पंच श्रीमती बाल कुंवर, बसंत लाल, धर्मेंद्र सिंह, दीनानाथ यादव, मिथिलेश सिंह मरावी तथा शान्तनु दास सहित अन्य ग्रामवासी व स्कूली छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।












