मैनपाट: नदी में बहे केरल के युवक का शव बरामद, शनिवार को पुल पार करते वक्त हुआ था हादसा

महेश यादव मैनपाट। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र स्थित घुनघुटा नदी में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में लापता युवक का शव रविवार सुबह लगभग 10 बजे बरामद कर लिया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान नदी किनारे झाड़ियों में युवक का शव मिला।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मूसलाधार बारिश के बीच घुनघुटा नदी के पुल से गुजरते समय यदुकृष्ण (25 वर्ष) और गौरी नंदन (22 वर्ष) तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए थे। घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसमें गौरी नंदन को सकुशल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि यदुकृष्ण नदी के तेज बहाव में लापता हो गया था।
रविवार तड़के से दोबारा शुरू किए गए सर्च अभियान के दौरान सुबह करीब 10 बजे नदी किनारे झाड़ियों में यदुकृष्ण का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों, नालों और पुल-पुलियों को पार न करने तथा पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।




