जशपुर

जशपुर में हेडजेक्स फंड के नाम पर लाखों की ठगी, पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बगीचा/जशपुर। जशपुर पुलिस ने hedgexfund (हेडजेक्सफंड) नामक नेटवर्क कंपनी में निवेश कर रुपए दोगुना करने का लालच देने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से पांच को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड ली गई है। फिलहाल प्रार्थिया और उसकी मां से हुई 2 लाख 10 हजार रुपए की ठगी का विवरण सामने आया है, लेकिन पुलिस को आशंका है कि पीड़ितों की संख्या और ठगी की कुल राशि लाखों में हो सकती है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम कापू टोली निवासी उर्मिला बाई ने थाना बगीचा में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थिया के अनुसार, वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात आरोपी कालेश्वर राम और मीनी बाई से हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थिया की मां चंद्रमणि बाई को झांसे में लिया। उन्होंने दावा किया कि वे हेडजेक्सफंड नेटवर्क कंपनी के लिए काम करते हैं और यदि इसमें निवेश किया जाए, तो मात्र 3 महीने में पैसा दोगुना हो जाएगा। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि पैसा न बढ़ने की स्थिति में वे ब्याज सहित रकम लौटाएंगे।
झांसे में आकर प्रार्थिया उर्मिला बाई ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1,70,000 रुपए नगद और फोन पे के माध्यम से आरोपियों को दिए। वहीं उसकी मां ने भी 40,000 रुपए का निवेश किया। आरोपियों ने पीड़ितों को बाकायदा वॉलेट आईडी और पासवर्ड बनाकर दिया था, जिसमें निवेश की गई राशि डॉलर में दिखाई देती थी। कुछ समय बाद वॉलेट बंद हो गया और जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगे।
बगीचा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भा.द.वि. की धारा 420 और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों— शिवशंकर राम, मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह को धर दबोचा। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार (JH-01FU-9460) भी जब्त की है। डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button