35 निगम-मंडल अध्यक्षों को मिला मंत्री का दर्जा, अनुराग सिंह देव,रामसेवक पैंकरा सहित 13 को कैबिनेट स्तर एवं 22 को राज्य मंत्री का दर्जा
रायपुर ।
छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने निगमों, मंडलों, आयोगों और प्राधिकरणों में नियुक्त 35 अध्यक्षों को मंत्री स्तर का दर्जा प्रदान किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस संबंध में आज आदेश जारी कर दिया। इस फैसले के तहत 13 पदाधिकारियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा और शेष 22 को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है।
किसे मिला कैबिनेट मंत्री का दर्जा?
जिन 13 अध्यक्षों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है, उनमें प्रमुख रूप से अनुराग सिंह देव (अध्यक्ष, छ.ग. गृह निर्माण मण्डल), भूपेन्द्र सवन्नी (अध्यक्ष, क्रेडा), रामसेवक पैंकरा (अध्यक्ष छ.ग.राज्य वन विकास निगम) चंदूलाल साहू (अध्यक्ष, छ.ग. राज्य भण्डार गृह निगम), केदार नाथ गुप्ता (अध्यक्ष, अपेक्स बैंक), और सौरभ सिंह (अध्यक्ष, छ.ग. खनिज विकास निगम) शामिल हैं। यह दर्जा प्राप्त करने वालों को मंत्री स्तर के समान प्रोटोकॉल, वेतन-भत्ते, वाहन और अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
किसे मिला राज्य मंत्री का दर्जा?
राज्य मंत्री का दर्जा पाने वालों में 22 पदाधिकारी शामिल हैं। इनमें अमरजीत सिंह छाबड़ा (अध्यक्ष, छ.ग. राज्य अल्पसंख्यक आयोग), चन्द्रकान्ति वर्मा (उपाध्यक्ष, राज्य समाज कल्याण बोर्ड), सुश्री मोना सेन (अध्यक्ष, फिल्म विकास निगम), नन्दकुमार साहू (अध्यक्ष, रायपुर विकास प्राधिकरण), और डॉ. वर्णिका शर्मा (अध्यक्ष, राज्य बाल संरक्षण आयोग) जैसे नाम प्रमुख हैं।







