रिटायरमेंट के 30 लाख लेकर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार, सोने के बदले दिया था लोहे का टुकड़ा

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। पिछले पांच सालों से फरार चल रहे ₹30 लाख की ठगी के एक आरोपी को पुलिस ने मनेन्द्रगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को नकली सोने के बदले लोहे का टुकड़ा देकर ठगा था। गिरफ्तार आरोपी का नाम अशोक बंजारे (40) है, जो मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के पिपरिया का रहने वाला है।
यह घटना 3 जून 2020 की है, जब बगीचा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 58 वर्षीय महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि तीन लोग, जिनमें अनूप सोनी उर्फ विजय सूर्यवंशी, विनोद सूर्यवंशी और अशोक बंजारे शामिल थे, टावर लगवाने के बहाने उनके घर आए थे। उन्होंने महिला और उनके पति का विश्वास जीता और एक आपराधिक साजिश के तहत, नकली सोने को असली बताकर उनके पति के रिटायरमेंट के बाद मिले ₹30 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने सोने के बदले एक टिन के डिब्बे में लोहे का टुकड़ा रखा और यह कहकर चले गए कि इसे बाद में खोलकर देखना। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420 और 120 (बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले की गहनता से जांच की। वर्ष 2021 में, मुख्य आरोपी अनूप सोनी उर्फ विजय सूर्यवंशी को पटना (कोरिया जिला) से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया था कि उसने अशोक बंजारे और विनोद सूर्यवंशी के साथ मिलकर इस ठगी की घटना को अंजाम दिया था। वहीं, पुलिस को दूसरे आरोपी विनोद सूर्यवंशी के पिछले साल एक सड़क दुर्घटना में मौत होने की जानकारी मिली है, जिसकी पुलिस अभी भी तस्दीक कर रही है।
पांच साल बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि तीसरा आरोपी अशोक बंजारे मनेन्द्रगढ़ में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही, जशपुर पुलिस की एक विशेष टीम को तुरंत मनेन्द्रगढ़ भेजा गया। टीम ने घेराबंदी करके आरोपी अशोक बंजारे को हिरासत में ले लिया और उसे बगीचा थाना ले आई। पूछताछ में अशोक ने बताया कि ठगी की रकम को तीनों ने आपस में बांट लिया था और उसने अपने हिस्से की रकम सरपंच चुनाव लड़ने और घरेलू खर्चों में लगा दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सबूत पाए जाने पर उसे 9 सितंबर, 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा, निरीक्षक संत लाल आयाम, आरक्षक मुकेश पाण्डेय और नगर सैनिक बलिराम रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस पुराने और फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए ‘ऑपरेशन अंकुश’ अभियान लगातार चलाती रहेगी।





