सूरजपुर

सूरजपुर : भटगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बच्चों के गले में चाकू सटाकर लूट व डकैती करने वाले दो महिलाओं सहित 06 आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर जिले के थाना भटगांव क्षेत्र में हुई लूट एवं डकैती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में 04 पुरुष एवं 02 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की नगदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू सहित लगभग ₹4 लाख 60 हजार की संपत्ति बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 की रात्रि करीब 01:30 बजे ग्राम अधिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह पिता स्वर्गीय चेतन, उम्र 35 वर्ष, ने थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि चार अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसकर चेहरे में स्टॉल बांधकर एवं चैनल का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किए। आरोपियों ने बच्चों के गले में चाकू सटाकर जान से मारने की धमकी दी तथा अलमारी में रखे ₹1,50,000 नगद एवं ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 204/2026 धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन तथा एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट डिजायर कार दिखाई दी, जिसके वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से ₹1,40,000 नगद, 01 नग मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त 01 नग चाकू, विभिन्न कंपनियों के 06 नग मोबाइल फोन, घटना के समय मुंह में बांधे गए 04 नग स्टॉल तथा घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 10 FA 6395 जप्त की गई।
इस मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हुल्लेश्वर दास (उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पोकसरी, थाना बतौली, जिला सरगुजा), देवकरण दास उर्फ विजय दास (उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम जामडीह, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा), विकास दास (उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम झरगांवा, थाना बतौली, जिला सरगुजा), शांतुदास (उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम झरगांवा, थाना बतौली, जिला सरगुजा), शारदा चौहान (उम्र 37 वर्ष, निवासी तकिया रोड अंबिकापुर, जिला सरगुजा) तथा सोनू कुमारी (उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम खोरमा प्रतापपुर, जिला सूरजपुर) हैं।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव बृजेश सिन्हा, सुनील विवेकानंद सिंह, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, संजय कुमार, हेमंत सोनवानी, आरक्षक विनोद प्रताप सिंह, दिनेश ठाकुर एवं रजनीश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button