विकास शील बने छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव; अमिताभ जैन 30 सितंबर को होंगे सेवानिवृत्त

रायपुर: राज्य शासन ने श्री विकास शील (भा.प्र.से., 1994) को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति दिनांक 30 सितंबर 2025 को वर्तमान मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन (भा.प्र.से., 1989) की सेवानिवृत्ति के बाद रिक्त हो रहे पद पर की गई है। श्री विकास शील आगामी आदेश तक इस पद का दायित्व संभालेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग (G.A.D.) मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा दिनांक 25/09/2025 को जारी क्रमांक ई 1-01/2025/एक-2 आदेश में कहा गया है कि, “राज्य शासन एतद्वारा श्री अमिताभ जैन भा.प्र.से. (1989), मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के दिनांक 30.09.2025 (अपरान्ह) से सेवानिवृत्त होने के फलस्वरूप होने वाले रिक्त पद पर श्री विकास शील भा.प्र.से. (1994), छत्तीसगढ़ शासन को आगामी आदेश पर्यन्त मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के पद पर पदस्थ करता है।”
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार, सचिव (रजत कमार), छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किया गया है।
कौन हैं विकास शील ?
विकास शील गुप्ता, जो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे हैं, छत्तीसगढ़ के 12वें मुख्य सचिव होंगे। उनका जीवन परिचय इस प्रकार है:
पूरा नाम विकासशील गुप्ता
सेवा/बैच भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), 1994 बैच
कैडर छत्तीसगढ़ (पूर्व में मध्यप्रदेश) |
जन्मस्थान उत्तर प्रदेश (बाद में परिवार उत्तराखंड शिफ्ट हुआ) |
| पत्नी निधि छिब्बर (IAS, 1994 बैच) |
श्री गुप्ता का बचपन एक शिक्षित और प्रशासनिक वातावरण में बीता। उच्च शिक्षा के बाद वे वर्ष 1994 में IAS के लिए चयनित हुए और शुरुआत में मध्यप्रदेश कैडर में नियुक्त हुए। वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद वे छत्तीसगढ़ कैडर में स्थानांतरित हो गए।
व्यापक प्रशासनिक अनुभव
विकास शील ने अपने करियर में विविध और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं:
राज्य स्तर: उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिलों के कलेक्टर के रूप में महत्वपूर्ण कार्य किया। सचिवालय में उन्होंने स्कूली शिक्षा, खाद्य विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
राष्ट्रीय स्तर: उन्होंने भारत सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव के रूप में कोविड-19 महामारी की तैयारियों में अग्रिम पंक्ति में रहकर अहम योगदान दिया। साथ ही, जलशक्ति मंत्रालय में वे जल जीवन मिशन के निदेशक के रूप में भारत के सबसे बड़े ग्रामीण जल आपूर्ति कार्यक्रमों में से एक का सफलतापूर्वक संचालन किया।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर: 2018 से केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए उन्होंने एशियाई विकास बैंक (ADB) में भारत सरकार के कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्य किया।
श्री विकास शील की पत्नी श्रीमती निधि छिब्बर भी 1994 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं।


