छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का असर: मंत्री गजेन्द्र यादव का बड़ा बयान,.सभी जिलों में दो दिन अवकाश : देखें वीडियो
बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के अनेक हिस्सों में तेज हवाओं, वज्रपात और अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस बीच, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और खराब मौसम के दौरान स्कूली बच्चों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर बड़ा फैसला लिया जा रहा है।
प्रतिकूल मौसम के कारण विद्यार्थियों को आवागमन में होने वाली असुविधा और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्कूलों में दो दिनों के अवकाश को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की संरक्षा सर्वोपरि है, जिसे देखते हुए शिक्षा विभाग जल्द ही सभी जिलों के जिला कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रेषित कर रहा है, ताकि स्थानीय मौसमी परिस्थितियों का आकलन कर त्वरित निर्णय लिया जा सके।
उल्लेखनीय है कि चक्रवात ‘ अर्नब’ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन रही है। मौसम की इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है और आम नागरिकों सहित विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।



