अंबिकापुर : 10वीं के छात्र का अपहरण कर पॉलिटेक्निक ग्राउंड में मारपीट क मामला; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 5 नाबालिगों को पकड़ा

अम्बिकापुर : शहर के नमनाकला क्षेत्र में कुछ दिन पहले 10वीं के एक छात्र का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो हाल ही में
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद हरकत में आई थाना गांधीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज 05 विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को पकड़ लिया और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
क्या था पूरा मामला?
शहर के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला 10वीं का छात्र कुछ दिन पहले शाम को अपने एक साथी के साथ घर के पास खड़ा था। इसी दौरान कुछ युवक तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए मोहल्ले से गुजरे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये युवक आए दिन मोहल्ले में उत्पात मचाते हैं। जब 10वीं के छात्र ने उन्हें आराम से गाड़ी चलाने की सलाह दी, तो युवक भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने छात्र को जबरन पकड़ा, बाइक पर बीच में बैठाया और उसे नमनाकला पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड ले गए।
पॉलिटेक्निक ग्राउंड में ले जाकर आरोपियों ने छात्र के साथ हाथ-मुक्के और डंडे से बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान जब पीड़ित का साथी उसे बचाने आया, तो दबंगों ने उसके साथ भी मारपीट की। वारदात के दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
इस पुरानी घटना की पिटाई से छात्र को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के बाद थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी।
आज हुई पुलिस की सख्त कार्रवाई: 5 आरोपी पकड़ाए
घटना का वीडियो वायरल होने और पीड़ित पक्ष की पूर्व की शिकायत को संज्ञान लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के सख्त दिशा-निर्देशों के तहत थाना गांधीनगर पुलिस ने मामले में प्रभावी कार्रवाई की है।
पुलिस ने थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 679/26, धारा 137(2), 138, 191(2), 126, 296, 351(3), 115(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। इसी कड़ी में आज पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 05 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया है तथा उनके कब्जे से 01 बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पकड़े गए बालकों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी असामाजिक गतिविधि या घटना को देखे जाने पर तत्काल इसकी सूचना निकटतम थाना या चौकी पुलिस को दें। सरगुजा पुलिस आम नागरिकों की सेवा एवं सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।





