लखनपुर

एक महीने मे दो बार विद्युत केबल की चोरी, अंधेरे में डूबा गांव 8 खंभों से 1000 मीटर केबल पार, विद्युत विभाग को लाखों की क्षति; मोटर पंप और स्टार्टर भी चोरी, ग्रामीण परेशान

सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केवरी में विद्युत केबल चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने एक बार फिर विद्युत विभाग को निशाना बनाते हुए 29 और 30 अक्टूबर की दरमियानी रात 8 खंभों से करीब 1000 मीटर विद्युत केबल चोरी कर ली। एक महीने के भीतर यह दूसरी की घटना है।केबल चोरी से गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को अंधेरे में रहने के साथ ही पानी सहित अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, इससे पूर्व भी ग्राम केवरी में करीब 500 मीटर विद्युत केबल चोरी कर ली गई थी। मामले की शिकायत विद्युत विभाग के अधिकारियों सहित लखनपुर थाने में भी की गई थी। इसके बावजूद क्षेत्र में दोबारा केबल चोरी की घटना सामने आने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

ग्राम पंचायत के सरपंच मैनेजर सिंह ने बताया कि एक महीने के भीतर दो बार विद्युत केबल चोरी होने से गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बिजली नहीं होने के कारण पेयजल आपूर्ति सहित रोजमर्रा के कार्यों में ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गांव के रविशंकर और लव प्रसाद के घर से मोटर पंप एवं स्टार्टर भी चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से विद्युत विभाग को लाखों रुपये की क्षति होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने विद्युत केबल चोरी करने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ कब तक कार्रवाई कर पाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button