अम्बिकापुर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया बाबा कार्तिक उरांव के आदमकद प्रतिमा का अनावरण, अंबिकापुर के इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम अब ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’

अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित निवास से वर्चुअल माध्यम से सरगुजा अंचल में आयोजित जनजातीय समाज के महान जननायक, प्रख्यात अभियंता एवं पूर्व सांसद बाबा कार्तिक उरांव के जन्मशताब्दी समारोह में शामिल होकर उनकी भव्य आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा (अंबिकापुर) का नामकरण बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव का जीवन शिक्षा, संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के स्वाभिमान की प्रेरक गाथा है।


सीतापुर में 28 करोड़ की फोरलेन सड़क का भूमिपूजन और विकास कार्यों का लोकार्पण
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सीतापुर क्षेत्र को अधोसंरचना विकास की बड़ी सौगात देते हुए सोनतराई से सूर तक लगभग 3.82 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी, जिससे सीतापुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम व सुरक्षित होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित महिला एनजीओ मेस भवन, उदयपुर में 12 अराजपत्रित अधिकारी आवास एवं 12 प्रधान आरक्षक व आरक्षक आवास तथा थाना सीतापुर में नवनिर्मित आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया।


जनजातीय समाज के अधिकारों और शिक्षा के प्रबल प्रहारी थे बाबा कार्तिक उरांव
मुख्यमंत्री ने बाबा कार्तिक उरांव को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उन्होंने उस दौर में उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई जब जनजातीय समाज के लिए अवसर अत्यंत सीमित थे। लोकसभा सांसद के रूप में उन्होंने जनजातीय समुदाय के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक हितों और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण को संसद में पूरी मुखरता से उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय महापुरुषों की गौरवशाली विरासत को चिरस्थायी बनाने और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नक्सलवाद पर प्रहार से बस्तर में विकास का नया युग
राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता से बस्तर के दूरस्थ अंचलों में शांति, विश्वास और विकास के नए युग की शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प से बस्तर में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा और परिश्रमी लोग ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अंबिकापुर के कलाकेंद्र में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैंकरा, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश अग्रवाल, उरांव समाज के अध्यक्ष आजाद भगत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button