दर्दनाक दुर्घटना: कुन्नी मार्ग पर स्कूल वैन की चपेट में आईं दो बहनें; एक की मौत, दूसरी गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर

लखनपुर: लखनपुर थाना क्षेत्र के कुन्नी मुख्य मार्ग पर स्थित पंडरीपानी चौक पर गुरुवार, 25 सितंबर की शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक स्कूल इको वैन के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पर चल रही दो सगी बहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कटिंदा निवासी मूटो पति फोतू मझवार अपनी बहन सीटो मझवार (उम्र 52 वर्ष) के साथ ग्राम राजाकटेल से अपने घर लौट रही थीं। पंडरीपानी चौक के पास, स्कूल इको वैन के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार ठोकर मार दी।
हादसे के बाद दोनों महिलाओं को तत्काल डायल 112 और एंबुलेंस की मदद से लखनपुर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मूटो मझवार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सीटो मझवार को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर (सरगुजा) रेफर कर दिया गया है।
लखनपुर पुलिस ने मृतिका मूटो मझवार के शव को अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और स्कूल वैन के चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।





