लखनपुर

पांच महीने के लंबे इंतजार के बाद गोरता राशन दुकान में वितरण शुरू, 200 से अधिक हितग्राहियों को मिला बकाया राशन; अभी भी 700 कार्डधारियों को है खाद्यान्न का इंतजार

लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोरता की शासकीय उचित मूल्य दुकान में पांच महीने से राशन वितरण नहीं होने की शिकायत और प्रशासनिक जांच के बाद अब हितग्राहियों को राशन वितरण शुरू कर दिया गया है। राशन नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों को अब राहत मिलने लगी है।

जानकारी के अनुसार, उचित मूल्य दुकान में लंबे समय से राशन वितरण नहीं किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की थी। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान राशन की कमी का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने दुकान संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

वहीं, अब दुकान संचालक द्वारा हितग्राहियों को दो से तीन महीने का राशन एक साथ वितरित किया जा रहा है। अब तक लगभग 200 से अधिक हितग्राहियों को अक्टूबर माह तक का बकाया राशन दिया जा चुका है।

शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालक कृष्ण देव सिंह ने बताया कि हितग्राहियों को अक्टूबर माह तक का बकाया राशन वितरण किया जा रहा है। धीरे-धीरे सभी हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

गौरतलब है कि ग्राम गोरता में लगभग 900 राशन कार्डधारी हितग्राही हैं। इनमें से अब तक करीब 200 हितग्राहियों को ही अक्टूबर माह तक का राशन मिल पाया है, जबकि शेष लगभग 700 हितग्राही अभी भी राशन मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

अब शेष हितग्राहियों को कब मिलेगा राशन?

राशन वितरण शुरू होने के बाद भी ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि शेष 700 हितग्राहियों को कब तक उनका बकाया राशन मिलेगा। क्या सभी हितग्राहियों को निर्धारित समय सीमा में राशन उपलब्ध करा दिया जाएगा या फिर वितरण में देरी होने पर प्रशासन दुकान संचालक के खिलाफ कोई वैधानिक कार्रवाई करेगा? फिलहाल ग्रामीणों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और राशन वितरण की रफ्तार पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button