छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप-निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में जीता सिल्वर मेडल, सरगुजा एसएसपी ने दी बधाई

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप-निरीक्षक (ASI) एवं अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने देश और राज्य का नाम वैश्विक पटल पर रोशन करते हुए महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक हासिल किया है। उन्होंने स्पर्धा के स्नैच में 88 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 111 किग्रा वजन उठाया, जिससे कुल 199 किग्रा वजन के साथ उन्होंने पोडियम पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
उनकी इस ऐतिहासिक एवं गौरवशाली उपलब्धि पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव से बात की और सरगुजा पुलिस तथा पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। इस दौरान डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसा उत्कृष्ट प्रदर्शन करना बेहद गर्व की बात है। उन्होंने इस सफलता को उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया, जो पूरे पुलिस बल, छत्तीसगढ़ के युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।






