नीट पेपर लीक मामले में NTA के 47 अधिकारी बर्खास्त, कानूनी कार्रवाई की तैयारी

नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा के पेपर लीक विवाद को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर सरकार का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई के सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, NTA ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने 47 अधिकारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। इन सभी बर्खास्त अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम उठाए जाने के साथ-साथ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी। देशभर में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों और परीक्षाओं की पारदर्शिता पर उठ रहे सवालों के बीच इसे NTA में अब तक का सबसे बड़ा आंतरिक बदलाव माना जा रहा है।
नीट पेपर लीक मामले ने देश भर के छात्रों और विभिन्न संगठनों को सड़क पर ला खड़ा किया है, जिसके बाद सरकार ने इस पर पूरी सख्ती दिखाने का फैसला किया है। इसी कड़ी में कैबिनेट बैठक के दौरान पेपर लीक संशोधन बिल को भी मंजूरी दे दी गई है। नए नियमों के मुताबिक, पेपर लीक जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले दोषियों के लिए 10 साल की कैद और 10 करोड़ रुपये तक के भारी-भरकम जुर्माने का प्रावधान तय किया गया है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षा व्यवस्था की शुचिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में इस दिशा में और भी कई कड़े फैसले लिए जा सकते हैं।





