पंचायत बैठक में हंगामा: महिला सरपंच को जातिगत अपमान और ‘नौगई जैसा’ जिंदा जलाने की धमकी देने वाला अधिवक्ता गिरफ्तार

सोनहत (कोरिया)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत पंचायत भवन में बैठक के दौरान महिला सरपंच से गाली-गलौज, जातिगत अपमान और जिंदा जलाने की धमकी देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेशे से अधिवक्ता आरोपी राजेंद्र प्रसाद साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके चाचा (दूसरे आरोपी) जय करन साहू की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 जून 2026 को दोपहर पंचायत भवन सोनहत में पंच, सरपंच और सचिव की उपस्थिति में बैठक की कार्यवाही चल रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 02:45 बजे जय करन साहू वहां पहुंचा और अपने निजी बोर के पैसों की मांग करने लगा। जब महिला सरपंच ने कहा कि पंचायत की स्वीकृति के बिना पैसा नहीं दिया जा सकता, तो जय करन साहू आक्रोशित हो गया। उसने महिला सरपंच को आदिवासी जानते हुए जातिगत रूप से अपमानित किया और मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए मारपीट की धमकी देकर चला गया।
घटना के कुछ समय बाद जय करन साहू का भतीजा राजेन्द्र प्रसाद साहू (उम्र 50 वर्ष), जो कि पेशे से अधिवक्ता है, पंचायत भवन पहुंचा। आरोपी राजेंद्र प्रसाद साहू ने वहां मौजूद सरपंच, सचिव और अन्य पंचों को मां-बहन की गालियां दीं और “नौगई जैसा जिंदा जलाकर जान से मार देने” की धमकी दी। पुलिस के अनुसार, राजेंद्र प्रसाद साहू थाना सोनहत का सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश भी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी जेल दाखिल
महिला सरपंच की लिखित शिकायत पर थाना सोनहत में अपराध क्रमांक 72/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(R-S) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) श् रवि कुमार कुर्रे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (AASP) श्रीमती सुरेशा चौबे के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक (DSP) मुख्यालय बैकुंठपुर श्रीमती आशा सेन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पासवान की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी के मोबाइल लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर अधिवक्ता आरोपी राजेंद्र प्रसाद साहू को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विशेष न्यायालय बैकुंठपुर में पेश किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जेल दाखिल कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के दूसरे आरोपी जय करन साहू की तलाश सरगर्मी से की जा रही है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




