अम्बिकापुर

आईटीआई अंबिकापुर में अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अंबिकापुर । अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) अंबिकापुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा नशा मुक्ति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता समाजसेवी करताराम गुप्ता ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों एवं स्वयंसेवकों को “नशा मुक्त भारत” निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने युवाओं से तंबाकू, धूम्रपान एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण अधिकारी अजय मिश्र, छात्रावास अधीक्षक चंद्रशेखर डनसेना सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पार्षद एवं पी.जी. कॉलेज के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने आईटीआई के प्रवेश द्वार पर नशामुक्त भारत का संदेश देने वाला जागरूकता पोस्टर स्थापित किया।
संस्था के प्राचार्य चंदेश्वर पैंकरा ने अपने संदेश में कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अपने व्यक्तित्व, परिवार एवं समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक एवं संस्कारित युवा ही विकसित भारत के लक्ष्य को साकार कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु जन-जागरूकता फैलाने तथा स्वयं भी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button