पीएम आवास में लापरवाही और शराबखोरी पड़ी भारी, पंचायत सचिव निलंबित
अम्बिकापुर । जनपद पंचायत लखनपुर के ग्राम पंचायत बेलखरिखा में विकास कार्यों में भारी लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को ग्राम पंचायत के औचक निरीक्षण के दौरान सचिव कमल साय बिना किसी पूर्व सूचना के अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि 15वें वित्त योजना के अंतर्गत स्वीकृत पुराने कार्य अब तक अपूर्ण हैं और ग्राम पंचायत की प्रगति अत्यंत निराशाजनक है।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान पाया गया कि वर्ष 2024-25 के लिए स्वीकृत कुल 181 आवासों में से अब तक केवल 69 आवास ही पूर्ण किए गए हैं। यह कुल लक्ष्य का मात्र 38 प्रतिशत है जबकि जिले का औसत प्रदर्शन 68 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को बताया कि सचिव कमल साय अक्सर पंचायत भवन में मद्यपान कर उपस्थित रहता है जिससे शासकीय कार्यों की गरिमा धूमिल हो रही है और ग्रामीणों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इन गंभीर शिकायतों और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ ने सचिव कमल साय के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया है। उसे छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा आचरण नियम 1998 के नियम 03 और नियम 22 के उल्लंघन का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से सेवा से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान उसका मुख्यालय जनपद पंचायत लखनपुर निर्धारित किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य लापरवाह कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।




