अम्बिकापुर

मर्सिडीज कार के नाम पर अंबिकापुर के डॉक्टर से 48 लाख की ठगी

मुख्य आरोपी मुंबई से गिरफ्तार, गाड़ियों की खरीद बिक्री करने वाला दूसरा आरोपी फरार

अंबिकापुर (सरगुजा): मर्सिडीज कार दिलाने के बहाने अंबिकापुर के एक डॉक्टर से ₹48 लाख की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। सरगुजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी जैद जाफर खान को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मुंबई में पुरानी लग्जरी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता है।
यह घटना तब शुरू हुई जब चोपड़ापारा अंबिकापुर के प्रार्थी डॉ. अभिजीत जैन ने अपने एक साथी डॉक्टर के माध्यम से मुंबई निवासी जैद जाफर खान से संपर्क किया। डॉ. जैन ने जैद जाफर खान से ₹48 लाख में एक मर्सिडीज कार खरीदने का सौदा तय किया।
शुरुआत में, आरोपी ने डॉ. जैन से पहली किस्त के रूप में ₹14 लाख 50 हजार ले लिए। अगस्त 2020 में, उसने यह कहकर एक दूसरी कार भेज दी कि डॉ. जैन द्वारा पसंद की गई कार में दस्तावेजी काम बाकी है और शेष ₹33 लाख 50 हजार नगद देने की बात कही। डॉक्टर ने उस ड्राइवर को ₹17 लाख 50 हजार नगद देकर वह दूसरी कार रख ली।
बाद में, जब डॉ. जैन ने अपनी पसंद की कार भेजने के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने शेष पेमेंट ₹11 लाख सीधे अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। बात यहीं खत्म नहीं हुई, 7 फरवरी 2021 को आरोपी जैद जाफर खान खुद अंबिकापुर आया और चलाने के लिए दी गई पुरानी कार के साथ ₹5 लाख नगदी भी ले गया। उसने जल्द ही नई कार वापस भेजने का वादा किया, लेकिन आज तक न कार भेजी और न ही रकम लौटाई। पिछले कुछ महीनों से उसने डॉ. जैन का फोन उठाना भी बंद कर दिया था। इस तरह जैद जाफर खान और उसके साथियों ने डॉक्टर से कुल ₹48 लाख की धोखाधड़ी की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, मुख्य आरोपी गिरफ्त में
डॉ. अभिजीत जैन की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 513/24 धारा 420, 34 भा. द. वि. के तहत मामला दर्ज किया गया। सरगुजा पुलिस टीम ने लगातार पता तलाश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जैद जाफर खान (आत्मज जफ़र खान, उम्र 28 वर्ष, साकिन हिल पार्क, मुंबई) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
थाना प्रभारी कोतवाली, निरीक्षक मनीष सिंह परिहार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिसकी तलाश की जा रही है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button