डिटर्जेंट पाउडर के नाम पर 120 बोरी अवैध विमल गुटखे का परिवहन, ट्रक मालिक पर 29 लाख रुपये का जुर्माना, पुलिस के प्रतिवेदन पर जीएसटी विभाग की कार्यवाही..


जशपुर: जशपुर पुलिस के एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन के बाद, जीएसटी विभाग ने एक ट्रक मालिक पर लगभग 29 लाख 96 हजार रुपये का भारी जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई अवैध रूप से तंबाकू और गुटखा उत्पादों का परिवहन करने के आरोप में की गई।
यह घटना 4 अगस्त, 2025 की है, जब जशपुर पुलिस ने अपने “ऑपरेशन आघात” के तहत लोदाम में नेशनल हाईवे 43 पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान, एक लाल रंग का कंटेनर ट्रक (HR55AJ4755) संदिग्ध लगा। पुलिस ने ट्रक को रोका और उसके चालक, 40 वर्षीय राशिद खान से पूछताछ की, जो हरियाणा के फिरोजपुर का रहने वाला था।
चालक ने बताया कि ट्रक में डिटर्जेंट वाशिंग पाउडर है और वह उसे रायपुर से बोकारो, झारखंड ले जा रहा है। उसने इससे संबंधित एक रसीद भी दिखाई। हालांकि, पुलिस को संदेह हुआ और उन्होंने ट्रक की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस को बड़ा खुलासा हुआ। ट्रक के अंदर 100 बोरी विमल गुटखा और 20 बोरी तंबाकू भरी हुई थी। जब पुलिस ने राशिद खान से इन सामानों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर पाया।
इसके बाद, पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत ट्रक और उसमें रखे सभी अवैध सामानों को जब्त कर लिया। पुलिस ने इस मामले की आगे की कार्रवाई के लिए जीएसटी विभाग को एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी।
जीएसटी विभाग ने अपनी जांच पूरी करने के बाद पाया कि राशिद खान ने अवैध परिवहन किया था, जिसके बाद उस पर 29 लाख 96 हजार 480 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई लोदाम क्षेत्र में अवैध गुटखा और तंबाकू उत्पादों के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए की गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए रिपोर्ट जीएसटी विभाग को भेजी, जिसके बाद यह बड़ा जुर्माना लगाया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम, निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक महेश्वर यादव और आरक्षक हेमंत कुजूर की अहम भूमिका रही।





