अम्बिकापुर

आंगन में खेलते-खेलते 2 वर्ष के बच्चे ने मुंह में डाल लिया पॉप-पॉप, फटने से अंबिकापुर में इलाज के दौरान हुई मौत

सरगुजा जिले के सीतापुर ब्लॉक के बनेया गांव की दर्दनाक घटना, अंबिकापुर अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम

अंबिकापुर/ सरगुजा जिले के सीतापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बनेया में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। घर के आंगन में खेलते समय दो वर्षीय मासूम बच्चे ने अनजाने में ‘पॉप-पॉप’ (लहसुन बम) पटाखा मुंह में डाल लिया। दांत से दबते ही पटाखा मुंह के भीतर फट गया, जिससे गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बनेया निवासी इंद्रजीत मांझी का दो वर्षीय पुत्र आदित्य दीपावली की रात घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान उसने जमीन पर पड़े छोटे पॉप-पॉप पटाखे को खाने की चीज समझकर मुंह में रख लिया। पटाखा फटने से बच्चे के मुंह के अंदरूनी हिस्से की नस कट गई और तेजी से खून बहने लगा।
बच्चे की चीख सुनकर परिजन तत्काल उसे सीतापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद भी जब रक्तस्राव पूरी तरह नहीं रुका और हालत बिगड़ने लगी, तो उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button