छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड का आदेश सभी मदरसो, मस्जिदों और दरगाहों में फहराया जाए तिरंगा, नहीं फहराने पर समझा जाएगा पाकिस्तानी

स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ राज्य की समस्त मदरसों, मस्जिदों तथा दरगाहों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराया जाएगा। इस संबंध में राज्य वक्फ बोर्ड ने सोमवार को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के बाद वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज ने महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने चेताया कि यदि किसी मस्जिद में तिरंगा नहीं फहराया गया तो उसे पाकिस्तानी समझा जाएगा। साथ ही, उन्होंने सभी मस्जिदों से तिरंगा फहराने के पश्चात फोटोग्राफ्स भेजने की हिदायत दी है।डॉ. सलीम राज ने मस्जिदों में ध्वज फहराने के फरमान पर जोर देते हुए कहा कि जो मस्जिद झंडा नहीं लहराएगी, उसे पाकिस्तानी करार दिया जाएगा। उन्होंने गैर-अनुपालन करने वाले मुतवल्लियों को कड़ी सजा की चेतावनी भी दी है।सलीम राज का कहना है कि यदि किसी मस्जिद में इस नियम का उल्लंघन हुआ तो उसे राष्ट्रद्रोही माना जाएगा। राज्य की कुल 3287 मस्जिदों में तिरंगा फहराना जरूरी होगा। वहीं, अनुपालन की जांच के लिए उन्होंने बताया कि प्रदेश की 3287 मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों को ध्वज फहराने के बाद वक्फ बोर्ड के पोर्टल पर फोटो अपलोड करनी होगी। फोटो के साथ स्थान और समय का उल्लेख अनिवार्य रूप से करना है।




