कोरबा

सरगुजा क्षेत्र से रायपुर-बिलासपुर जाने वाले यात्रियों का पसंदीदा कटघोरा का मुरली होटल सील: ग्राहक के वीडियो से खुली सांभर में कीड़ा मिलने की पोल…

कटघोरा (कोरबा)। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कटघोरा स्थित चर्चित ‘मुरली होटल’ में परोसे गए सांभर में कीड़ा निकलने और ग्राहक द्वारा इसका वीडियो वायरल किए जाने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। खाद्य विभाग ने होटल को आगामी आदेश तक बंद (सील) करने का नोटिस जारी करते हुए किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह मुरली होटल में नाश्ता करने पहुंचे एक ग्राहक को परोसे गए सांभर में कीड़ा दिखाई दिया। यह देख ग्राहक ने तत्काल इसकी शिकायत होटल के कर्मचारियों से की। मौके की नजाकत को देखते हुए होटल स्टाफ ने भी सांभर में कीड़ा होने की गलती स्वीकार की। इस दौरान ग्राहक ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
खाद्य विभाग की टीम ने की कार्रवाई
ग्राहक द्वारा बनाया गया वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में विभाग की टीम हरकत में आई। टीम ने कटघोरा पहुंचकर मुरली होटल का औचक निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि जांच के दौरान होटल के किचन और परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद असंतोषजनक पाई गई। इसके अलावा, होटल संचालक द्वारा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। टीम ने मौके से सांभर का नमूना (सैंपल) एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
सरगुजा संभाग के यात्रियों का पसंदीदा ठिकाना रहा है यह होटल
गौरतलब है कि कटघोरा का मुरली होटल केवल स्थानीय लोगों ही नहीं, बल्कि सरगुजा संभाग के यात्रियों के बीच भी काफी लोकप्रिय रहा है। अंबिकापुर, बलरामपुर, कोरिया और सूरजपुर जैसे जिलों से बिलासपुर या रायपुर की ओर जाने वाले मुसाफिरों के लिए यह होटल लंबे समय से एक पसंदीदा पड़ाव रहा है। लंबी यात्रा की थकान के बाद यात्री अक्सर यहां रुककर नाश्ता-भोजन करते थे और कुछ देर आराम भी कर लेते थे। हाइवे से जुड़े इस प्रमुख पड़ाव पर खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। वहीं, प्रयोगशाला से सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button