अम्बिकापुर

कमलेश्वरपुर जमीन फर्जीवाड़ा: शासकीय भूमि की हेराफेरी के मामले में आरोपी आजाद इराकी गिरफ्तार

कमलेश्वरपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने शासकीय भूमि की हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और मुख्य आरोपी आजाद इराकी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
मामले की शुरुआत प्रार्थी उमेश्वर सिंह बाज द्वारा थाना कमलेश्वरपुर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट से हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में खसरा नंबर 1378 की प्रविष्टि के बाद गंभीर कूटकथन (फर्जीवाड़ा) किया गया था। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि बंदोबस्त वर्ष 1995-96 में भी यह खसरा नंबर शासकीय भूमि के रूप में ‘छोटे झाड़ के जंगल’ मद में ही दर्ज है, जबकि वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में इसे निजी भूमि के रूप में फर्जी तरीके से तैयार किया गया था। इस षड्यंत्र में तुलेश्वर गुप्ता, आजाद इराकी और अन्य की संलिप्तता पाई गई। इस मामले में थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 82/2026, धारा 420, 467, 468, 471, 34 एवं 120 (बी) भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस इससे पहले आरोपी तुलेश्वर गुप्ता को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर चुकी है।
विवेचना के क्रम में पुलिस लगातार फरार चल रहे आरोपी आजाद इराकी की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान आजाद इराकी (आत्मज रियाजुद्दीन इराकी, उम्र 43 वर्ष, निवासी मस्जिदपारा वार्ड नं. 05, जयनगर, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर) के रूप में बताई। प्रकरण में संलिप्तता पुख्ता पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस की अग्रिम जांच-पड़ताल तेजी से चल रही है।
इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक लक्ष्मी नारायण साव, सहायक उप निरीक्षक ललन गुप्ता, प्रधान आरक्षक विजय रवि, आरक्षक सूरज राठिया और साइबर सेल अंबिकापुर से साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, अशोक यादव, अमन पुरी, रमेश राजवाड़े, विकास मिश्रा, जितेश साहू तथा राहुल केरकेट्टा सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button