भारी बारिश और रेड-ऑरेंज अलर्ट का असर: सरगुजा जिले में 30 अक्टूबर को स्कूलों मे छुट्टी घोषित
अंबिकापुर: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम “अर्नब” के खतरनाक प्रभाव और मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के बीच छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। मौसम विभाग द्वारा राज्य के कई हिस्सों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए जाने के बाद, विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, अंबिकापुर (सरगुजा) द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में आगामी 30 अक्टूबर 2026 (दिन शुक्रवार) को 01 (एक) दिवस का अवकाश घोषित किया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि चक्रवाती तूफान “अर्नब” के कारण 30 अक्टूबर को तेज आंधी और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा या खतरे से बचाने के लिए यह छुट्टी दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा यह आदेश जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संस्था प्रमुखों और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं कड़ाई से पालन हेतु प्रेषित कर दिया गया है।



