अम्बिकापुर

गिरफ्तारी देने निकले विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थकों का हाई वोल्टेज ड्रामा सड़क पर लेटे समर्थक, बीच रास्ते से लौटे विधायक

अंबिकापुर । सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक और प्रशासन के बीच उपजा विवाद अब एक बड़े सियासी ड्रामे में तब्दील हो चुका है। कल नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा की गई मारपीट के बाद दर्ज एफआईआर के मामले में जब विधायक खुद पुलिस को गिरफ्तारी देने के लिए घर से निकले हालांकि, वे अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच सके क्योंकि रास्ते में उनके समर्थकों ने बेहद उग्र और भावुक प्रदर्शन करते हुए उन्हें बीच सफर से ही बैरंग वापस लौटने पर मजबूर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, विधायक रामकुमार टोप्पो सीतापुर से निकलकर करीब 15 किलोमीटर दूर मंगारी नामक जगह तक पहुंच चुके थे। इसी बीच जैसे ही इसकी भनक उनके कार्यकर्ताओं को लगी, भारी संख्या में समर्थक लामबंद होकर सड़क पर उतर आए। विधायक को रोकने के लिए उनके समर्थक और कार्यकर्ता बीच सड़क पर ही लेट गए और उनकी गाड़ी का रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। जमीन पर लेटे कार्यकर्ताओं ने विधायक का हाथ पकड़ लिया औल उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने प्रशासनिक रवैये के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और साफ कहा कि अगर विधायक की गिरफ्तारी होती है, तो पहले प्रशासन को उनके ऊपर से गुजरना होगा। समर्थकों के इस तरह सड़क पर लेटने के कारण सीतापुर-अंबिकापुर मार्ग (NH-43) पर काफी देर तक चक्काजाम रहा, जिसके बाद कार्यकर्ताओं की जिद के आगे झुकते हुए विधायक को वापस लौटना पड़ा।
इस पूरे बवाल की शुरुआत कल हुई उस विवादित घटना से हुई थी, जिसने अब प्रशासनिक और राजनीतिक लड़ाई का रूप ले लिया है। कल विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच तीखी बहस हुई थी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। नायब तहसीलदार का आरोप है कि विधायक और उनके लोगों ने शासकीय कार्य के दौरान उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की, जिसके विरोध में आज कलेक्ट्रेट के तमाम राजस्व अधिकारी और कर्मचारी कामकाज ठप कर धरने पर बैठ गए। वहीं दूसरी ओर, विधायक ने मारपीट के आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए पलटवार किया है कि नायब तहसीलदार ने उनकी बहन के साथ अभद्र व्यवहार किया था। फिलहाल दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में FIR दर्ज करा दी है और क्षेत्र में हाई-प्रोफाइल ड्रामे को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button