राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात साढ़े आठ बजे करेंगे राष्ट्र को संबोधित

प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 18 अप्रैल 2026 की रात 8:30 बजे देश के नाम अपना संबोधन देंगे। यह संबोधन ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हो रहा है जब ठीक एक दिन पहले संसद में विपक्षी दलों के भारी विरोध के कारण बहुप्रतीक्षित महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं हो सका। लोकसभा में शुक्रवार को 131वां संविधान संशोधन विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत प्राप्त करने में विफल रहा, जिसके चलते 2029 से विधायिकाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की योजना फिलहाल अटक गई है।
सदन में हुई वोटिंग के दौरान कुल 528 सदस्यों में से 298 ने बिल के पक्ष में और 230 ने इसके विरोध में मतदान किया, जबकि इसे पास कराने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी। इस घटनाक्रम के बाद सरकार ने परिसीमन विधेयक 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक को भी आगे न बढ़ाने का निर्णय लिया है। सरकार की योजना लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने की थी ताकि महिला आरक्षण को सुचारू रूप से लागू किया जा सके। अब पूरे देश की निगाहें आज रात होने वाले प्रधानमंत्री के भाषण पर टिकी हैं कि वे इस मुद्दे पर सरकार की अगली रणनीति को लेकर क्या रुख अपनाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button