सिंगरौली में शुक्रवार दोपहर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती: बंदूक की नोक पर लाखों की नकदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी की लूट, आरोपियों के छत्तीसगढ़ आने की आशंका के बीच पुलिस ने जारी की फोटो…

सिंगरौली जिले के बैढन इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी वारदात हुई जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई। विन्ध्यनगर रोड पर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में करीब 12:50 बजे हथियारों से लैस बदमाशों ने हमला बोल दिया। चूंकि सिंगरौली जिला छत्तीसगढ़ की सीमा के बिल्कुल पास है, इसलिए पुलिस को शक है कि लुटेरे लूट के बाद पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ की ओर भाग सकते हैं। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक पांच बदमाश आए थे जिनमें से चार के पास बंदूकें थीं और एक ने हेलमेट पहन रखा था। बैंक में घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद लोगों को डराना शुरू किया और विरोध करने पर मारपीट भी की।
लुटेरों ने बैंक के करीब 12 कर्मचारियों को बंदूक दिखाकर बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने लोगों को डराने के लिए हवा में गोली भी चलाई, जिससे बैंक के अंदर अफरा-तफरी मच गई। लुटेरे बैंक से लाखों रुपये नकद और भारी मात्रा में सोना-चांदी लेकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पिछले दिन के 14 लाख रुपये और आज जमा हुआ नकद व गोल्ड लूट लिया है। लूट के दौरान बदमाशों ने वहां मौजूद ग्राहकों को बंदूक के पिछले हिस्से से मारा जिससे कुछ लोग घायल हो गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली वैढन पुलिस और बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत बैंक की घेराबंदी की और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान जारी की है। एक संदिग्ध गुलाबी शर्ट और नीले जींस में है, जबकि दूसरा ग्रे शर्ट और नीले पैंट में दिख रहा है। संदिग्धों का चेहरा लंबा, शरीर पतला और बाल बड़े हुए हैं। फुटेज में तीन संदिग्धों को एक नीले रंग की मोटरसाइकिल पर भागते हुए भी देखा गया है। सिंगरौली पुलिस अधीक्षक ने इन आरोपियों की सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को इनाम देने का ऐलान किया है।
फिलहाल पूरे जिले और छत्तीसगढ़ सीमा पर नाकाबंदी कर दी गई है और बदमाशों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चल रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को भी इन संदिग्धों के बारे में पता चले, तो वे तुरंत थाना प्रभारी वैढन के नंबर 8770063884 या कंट्रोल रूम के नंबर 7049134457 पर फोन करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।




