कोरियासरगुजा संभाग

महिला एवं बाल विकास और आत्मानंद स्कूल में नौकरी का झांसा देकर महिलाओं से 6 लाख से अधिक की ठगी…

बैकुंठपुर/पटना | सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग मामले में तीन महिलाओं को ठगने वाले एक शातिर जालसाज को पटना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने महिला एवं बाल विकास विभाग और आत्मानंद स्कूल में ऊंचे पदों पर नियुक्ति का झांसा देकर कई महिलाओं से लाखों रुपये ऐंठ लिए थे।

ग्राम तेंदुआ निवासी आरती पटेल की शिकायत के अनुसार, आरोपी संदीप सिंह सारथी (निवासी टेंगनी) ने उसे आंगनबाड़ी सुपरवाइजर बनाने का लालच दिया। इस झांसे में आकर पीड़िता ने दिसंबर 2024 से अब तक किश्तों में लगभग ₹3,08,750/- आरोपी को दे दिए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने इसी तरह स्तुति पटेल और प्रियंका कुजूर को आत्मानंद विद्यालय में शिक्षक बनवाने के नाम पर ₹1,80,000 – ₹1,80,000 (कुल 3.60 लाख) की धोखाधड़ी की।

ठगी के पैसों से ऐश, खरीदी नई कार

पुलिस विवेचना में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपी ने ठगी की राशि का उपयोग अपनी विलासिता के लिए किया। आरोपी ने ठगी के पैसों से एक कार (CG 15 K 0226) खरीदी थी, जिसकी वह हर महीने ₹24,700/- की किश्त भर रहा था। पुलिस ने उक्त वाहन को जप्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया। शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर बैकुंठपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद पांडे और प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी की मुख्य भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button