उदयपुर

छह दिनों की लगातार मशक्कत के बाद सफल हुआ ‘कबरा’ हाथी का रेस्क्यू ऑपरेशन, रेडियो कॉलर लगाकर जंगल में छोड़ा गया

रामगढ़ की दुर्गम पहाड़ियों में वन अमले ने चलाया चुनौतीपूर्ण अभियान, 17 हाथियों के दल से अलग कर किया ट्रेंकुलाइज अब हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर मॉनिटरिंग सिस्टम से होगी निगरानी, तीन दिनों तक हाथी के व्यवहार पर नजर रखने के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

ग्राउंड जीरो से क्रांति कुमार रावत की रिपोर्ट।

उदयपुर/सरगुजा। पिछले छह दिनों से वन विभाग के लिए चुनौती बना कबरा हाथी आखिरकार लगातार मशक्कत और कठिन प्रयासों के बाद रेस्क्यू कर लिया गया। रामगढ़ पहाड़ी के दुर्गम जंगलों में चलाए गए इस चुनौतीपूर्ण अभियान में वन विभाग की रेस्क्यू टीम, ट्रेंकुलाइजर विशेषज्ञों, महावतों और मैदानी वन अमले ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कबरा हाथी को सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज करने के बाद उसके पैर में बेड़ी पहनाई गई और हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाकर जंगल में ही छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से कबरा हाथी अपने 17 हाथियों के दल के साथ सुखरीभंडार, कुशवामुड़ा, आमा डुग्गू, चकेरी, बेलढाब और बंगारू होते हुए रामगढ़ पहाड़ी के पार्वती गुफा के आसपास जंगल में विचरण कर रहा था। उसे रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं। इससे पहले कई बार अभियान चलाया गया, लेकिन हाथियों के झुंड में रहने और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सफलता नहीं मिल पा रही थी।

सुबह 8 बजे से शुरू हुआ निर्णायक अभियान

बुधवार सुबह करीब 8 बजे से ही वन विभाग की टीमें रामगढ़ के ऊंचाई वाले दुर्गम जंगलों में मोर्चा संभाल चुकी थीं। कबरा हाथी अपने 17 हाथियों के दल के साथ पार्वती गुफा की ओर जंगल के भीतर मौजूद था। हाथियों के झुंड से कबरा को अलग करने के लिए वन अमले ने पटाखों का सहारा लिया। इसी दौरान अनुकूल मौका मिलते ही ट्रेंकुलाइजर टीम ने कबरा हाथी को डॉट (ट्रेंकुलाइजर इंजेक्शन) किया।

इसके बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी लगभग 400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित घटनास्थल तक दुर्गम और जोखिम भरे रास्तों से होकर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में कबरा हाथी के पैर में बेड़ी पहनाई गई तथा इसके बाद उसे हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाया गया।

रेडियो कॉलर से होगी लगातार निगरानी, जंगल में ही छोड़ा गया हाथी

रेस्क्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कबरा हाथी को जंगल में ही छोड़ दिया गया है। अब हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। वन विभाग की टीम आगामी तीन दिनों तक उसके व्यवहार और गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण करेगी। इसके बाद उसकी स्थिति और व्यवहार के अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

रेस्क्यू ऑपरेशन में इनका रहा सराहनीय योगदान

छह दिनों तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान को सफल बनाने में रमकोला की रेस्क्यू टीम, गोपी के साथी, महावत हरीश एवं हाबिल की टीम के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

यह पूरा अभियान सीसीएफ वन्यजीव डॉ. प्रणय मिश्रा, डीएफओ सूरजपुर विपुल अग्रवाल, डीएफओ सरगुजा लोकनाथ पटेल एवं डिप्टी डायरेक्टर एलिफेंट रिजर्व सौरभ सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

अभियान में प्रशिक्षु आईएफएस कुणाल मिश्रा, संतोष पाण्डेय (एसडीओ सूरजपुर), अर्पित राय (एसडीओ ओड़गी), सपना मुखर्जी (एसडीओ उदयपुर), संस्कृति बारले (एसडीओ प्रतापपुर), रेंजर फेकू प्रसाद चौबे, पूजा यादव, उत्तम मिश्रा, सुनीत साहू, रामनिवास दहायत, वनपाल गिरीश बहादुर सिंह, रामबिलास सिंह, शशिकांत सिंह, मलेश्वर पैकरा, यादनंद सिंह एवं अशोक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ड्रोन निगरानी टीम: ऋतिक सोनी, राजाराम यादव, इंद्र प्रसाद पिपला, बसंत राम एवं आर्मो कुमार ने ड्रोन के माध्यम से हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने में सहयोग किया।

वनरक्षक एवं मैदानी अमला: इग्नेश बैक, अमरनाथ राजवाड़े, नंदकुमार, राजू टोप्पो, राजेश राजवाड़े, पूरण राम, अमरनाथ, विष्णु सिंह, राजेश कुजूर, सहिस कपूर, अवधेश पुरी, बृजभान एवं भैयालाल तिर्की सहित अन्य मैदानी कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय योगदान दिया।

छह दिनों की मेहनत लाई रंग

लगातार छह दिनों तक चले इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान की सफलता वन विभाग की टीमवर्क, धैर्य, तकनीकी दक्षता और बेहतर समन्वय का परिणाम है। रामगढ़ की दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों में चलाए गए इस अभियान में अधिकारियों से लेकर मैदानी कर्मचारियों तक सभी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अब रेडियो कॉलर के माध्यम से कबरा हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। आगामी तीन दिन उसके व्यवहार की निगरानी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
विदित हो कि कबरा हाथी ने उदयपुर के झिरमिटी में एक बुजुर्ग महिला को मौत के घाट उतारा था और दो लोगों को घायल किया था । इसके अतिरिक्त भी एक दर्जन से अधिक लोगों को मौत के घाट उसने उतारा था जिसके बाद शासन से कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज करने का आदेश एक सप्ताह पूर्व जारी हुआ था जिसकी जिम्मेदारी सूरजपुर डीएफओ विपुल अग्रवाल को सौंपी गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button