चलती कार पर पथराव कर परिवार को चोटिल करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर: पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में उन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक परिवार की कार पर पथराव कर उन्हें चोटिल कर दिया था। यह घटना 10 अगस्त, 2025 की रात उचंडीह रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई थी। इस घटना के बाद डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर, श्री प्रशांत सिंह ठाकुर ने तत्काल असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
बैकुंठपुर के रहने वाले राजेंद्र सूर्यवंशी ने चौकी बसदेई में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ वाड्रफनगर से लौट रहे थे, तभी कुछ अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी कार का पीछा किया और पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में उनकी कार का शीशा टूट गया और परिवार के सदस्यों को चोटें आईं।
शिकायत मिलते ही बसदेई पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने सिरसी गांव के शोभनाथ राजवाड़े, रवि राजवाड़े, उत्तम राजवाड़े, और ओम प्रकाश राजवाड़े को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
इस मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





