अम्बिकापुर

अंबिकापुर आईटीआई में साइबर अपराध एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अंबिकापुर। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) अंबिकापुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में साइबर अपराध से बचाव एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत नए मतदाताओं एवं प्रशिक्षुओं को मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकार एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग से सहायक निरीक्षक अभय तिवारी ने साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं लिंक, ओटीपी तथा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से होने वाले नुकसान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षुओं को साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में उचित माध्यम से शिकायत करने की जानकारी दी।
सामाजिक कार्यकर्ता संतोष दास सरल ने भी साइबर जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के प्रभारी राजेश सोनी ने नए मतदाताओं को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के प्राचार्य सी. एस. पैकरा ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं के लिए आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सजग एवं जिम्मेदार रहने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में NSS प्रभारी शब्बीर आलम, दिलीप बरेठ, विजय सोनी (प्रशिक्षण अधिकारी) सहित संस्था के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराध के प्रति सतर्क करने तथा नए मतदाताओं में मतदान एवं लोकतांत्रिक दायित्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button