मुख्यमंत्री साय और केंद्रीय मंत्री गडकरी की पहल: छत्तीसगढ़ को ₹600 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात

रायपुर – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मुलाकात के बाद, राज्य को ₹600 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की मंजूरी मिली है। इस अहम बैठक में राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
स्टेट कैपिटल रीजन में बनेंगे फोर लेन और चार नए पुल
बैठक की सबसे बड़ी उपलब्धि केंद्रीय सड़क निधि (CRF) के तहत ₹600 करोड़ की मंजूरी रही, जिससे राज्य में कई नई सड़कों का निर्माण और रखरखाव होगा। इसके अलावा, स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के तहत आने वाले दो-लेन मार्गों को चार-लेन में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे रायपुर के चारों ओर यातायात सुगम हो जाएगा। शहर की भीड़भाड़ कम करने के लिए चार बड़े पुल बनाए जाएंगे, जिनका भूमि पूजन जल्द ही होगा।
आदिवासी क्षेत्रों में सड़कों से आएगा विकास
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सड़कें सिर्फ यात्रा का साधन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार और सामाजिक बदलाव का रास्ता हैं। उन्होंने गडकरी को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए तेजी से काम कर रही है ताकि वहां के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक अवसर मिल सकें। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने राज्य सरकार के इस दृष्टिकोण की सराहना की और कहा कि आदिवासी क्षेत्रों तक सड़कों की पहुंच से स्थायी और सकारात्मक बदलाव आएगा।
एक्सप्रेसवे और पोर्टलों से मिलेगी रफ्तार
गडकरी ने रायपुर (आरंग) और बिलासपुर (दर्री) के बीच लगभग 95 किमी लंबी छह-लेन सड़क के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) भेजने को कहा है। साथ ही, नागपुर से रायपुर तक प्रस्तावित 300 किमी लंबे समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भी शीघ्र डीपीआर मांगा गया है। राज्य की सभी सड़क योजनाएं अब केंद्र के ‘गति शक्ति पोर्टल’ के माध्यम से भेजी जाएंगी, जिससे परियोजनाओं को जल्द मंजूरी मिल सके। मुख्यमंत्री साय ने गडकरी को ‘अँजोर विजन 2047’ के तहत राज्य की दीर्घकालिक रणनीति से भी अवगत कराया, जिसका लक्ष्य एकीकृत और पर्यावरण अनुकूल परिवहन प्रणाली विकसित करना है।




