महेंद्र सिंह धोनी के साथ सुरेश रैना ने भी की सन्यास की घोषणा.. ‘मैं पल दो पल का शायर हूँ,पल दो पल मेरी कहानी है, पल दो पल मेरी हस्ती है, पल दो पल मेरी जवानी है ’… गाने के साथ इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने सोशल मीडिया पर अपने इंटरनेशनल करियर से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्टाग्राम में पोस्ट कर खुद के संन्यास लेने का ऐलान किया है। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में एमएस धोनी ने लिखा है, “आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए बहुत धन्यवाद। आज शाम 7.29 बजे के बाद से मुझे रिटायर समझा जाए।” अपने इस पोस्ट के साथ ही धोनी ने एक वीडियो भी शेयर किया है। एमएस धोनी के कुछ देर बाद ही सुरेश रैना ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।
4 मिनट 7 सेकेंड के वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की कई सारी तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ ही उन्होंने अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘कभी-कभी’ का मशहूर गीत भी लगाया है, जिसके बोल हैं, ‘मैं पल दो पल का शायर हूँ, पल दो पल मेरी कहानी है, पल दो पल मेरी हस्ती है, पल दो पल मेरी जवानी है।’
एमएस धोनी के बाद सुरेश रैना ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। हालाँकि वह आईपीएल के इस सीजन में खेलते नजर आएँगे। रैना ने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने अपने संन्यास की घोषणा की। रैना ने लिखा कि माही आपके साथ खेलने के अलावा कुछ भी नहीं था। पूरे दिल से गर्व के साथ मैं इस यात्रा में आपसे जुड़ना चाहता हूँ। रैना ने लिखा कि शुक्रिया भारत।
हालाँकि, एमएस धोनी आईपीएल खेलते रहेंगे। ऐसे में उनके प्रशंसक आईपीएल में धोनी को खेलते हुए देख सकते हैं। 39 वर्षीय एमएस धोनी टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास का ऐलान कर चुके थे। जबकि, वनडे और टी-20 में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बने हुए थे। लेकिन अब धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। धोनी क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान भी रह चुके हैं। साथ ही धोनी के नाम कई बड़े कीर्तिमान भी दर्ज हैं। कुछ दिन पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ ने कहा था कि धोनी आईपीएल 2020 और 2021 आईपीएल खेलते रहेंगे और जहाँ तक होगा 2022 में भी नजर आएँगे।
बता दें कि एमएस धोनी ने साल 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। धोनी ने अब तक 90 टेस्ट मैच खेले हैं। इसके अलावा 350 एकदिवसीय और 98 टी-20 मुकाबलों में उन्होंने भारत का नेतृत्व किया है।