अम्बिकापुर

अंबिकापुर से रायपुर जा रही बस खड़े ट्रक से टकराई, 3 की मौत, 8 से अधिक घायल

अंबिकापुर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दारचुरा गांव स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही एक निजी बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। इस दर्दनाक दुर्घटना में बस चालक और खलासी सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ से दस यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। अंबिकापुर से रवाना हुई इस निजी बस में कुल 22 यात्री सवार थे। दारचुरा गांव में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप एक खराब ट्रक सड़क के किनारे खड़ा हुआ था। आने-जाने वाले वाहनों को सावधान करने के उद्देश्य से ट्रक के चारों ओर ट्रैफिक कोन (चेतावनी संकेत) भी लगाए गए थे। हालांकि, बस चालक संभवतः इन संकेतों को देख नहीं सका, जिससे तेज रफ्तार बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बस की स्थिति को देखते हुए अंदर फंसे घायलों को निकालने के लिए गैस कटर तथा अन्य राहत उपकरणों की मदद ली गई। कड़ी मशक्कत के बाद यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु सिमगा के शासकीय अस्पताल भेजा गया।
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों में बस चालक भगीरथ यादव (निवासी जशपुर), खलासी पवन और बलरामपुर निवासी 39 वर्षीय शमीम मोहम्मद शामिल हैं। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर मृतकों के शवों को पोस्टपार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button