अम्बिकापुर

अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे मे बतौली के पास अनियंत्रित होकर खेत में पलटी तेज रफ्तार एम्बुलेंस, चालक की हालत नाजुक


महेश यादव । जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे 43 पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ। मिली जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे खेत में जाकर पलट गई। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और एम्बुलेंस चालक वाहन के मलबे के बीच बुरी तरह से फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एम्बुलेंस की गति काफी अधिक थी जिसके कारण चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और एम्बुलेंस सीधे सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी।
राहत की बात यह रही कि जिस समय यह दुर्घटना हुई उस दौरान एम्बुलेंस में कोई मरीज या अन्य परिजन सवार नहीं थे और चालक वाहन में अकेला ही मौजूद था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद वाहन के भीतर फंसे हुए घायल चालक को बाहर निकाला। चालक के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button