खौफनाक वारदात: मुंबई से लौटी पत्नी ने की पति की हत्या, शव सूटकेस में बंद कर बेटी को दी खबर मर्डर मिस्ट्री की जाँच शुरू..

जशपुर । एक व्यक्ति की लाश सूटकेस में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और प्रथम दृष्टया मृतक की पत्नी को मुख्य आरोपिया के रूप में चिन्हित किया गया है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद फरार है। जशपुर पुलिस ने आरोपिया की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 09.11.25 को प्रार्थी विनोद मिंज (उम्र 45 वर्ष) ने थाना दुलदुला में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि मृतक संतोष भगत (उम्र 43 वर्ष) उसका छोटा भाई था, जो अपनी पत्नी (आरोपिया) के साथ भिंजपुर में अलग रहता था।
आरोपिया मुंबई में काम करती थी , कुछ दिन पहले लौटी थी गांव
मृतक संतोष भगत की पत्नी आरोपिया मुंबई में काम करती थी और इसी कारण वह काम के सिलसिले में मुंबई और गांव के बीच आना-जाना करती थी। घटना से कुछ ही दिन पूर्व वह गांव लौटी थी। उसके तीन बच्चे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है और वे बाहर रहते हैं।
झगड़े के बाद हत्या
रिपोर्ट के अनुसार, दिनांक 07.11.25 को पति-पत्नी में किसी बात को लेकर वाद-विवाद हो रहा था। इसी दौरान, आरोपिया ने अपनी मंझली बेटी, जो कोरबा में रहती है, को फोन किया। बेटी को फोन पर माता-पिता के झगड़े की आवाज आ रही थी, पर कारण पूछने पर किसी ने जवाब नहीं दिया और फोन कट गया।
इसके अगले दिन, 08.11.25 को, आरोपिया मां ने कोरबा में रह रही अपनी मंझली बेटी को फोन कर बताया कि उसने अपने पिता (पति) की हत्या कर दी है और शव को कम्बल से ढंककर सूटकेस में भर दिया गया है।
यह खबर सुनते ही बेटी घबरा गई और 09.11.25 को अपने पति के साथ ग्राम भिंजपुर आकर अपने बड़े पिताजी (प्रार्थी विनोद मिंज) को पूरी बात बताई। प्रार्थी की सूचना पर थाना दुलदुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच विवेचना में लिया।
सूटकेस में मिला शव
विवेचना के दौरान पुलिस टीम तुरंत ग्राम भिंजपुर पहुँची। मृतक संतोष भगत के घर की तलाशी लेने पर, एक बड़ा गहरे लाल रंग का ट्रॉली सूटकेस बैग मिला। गवाहों के समक्ष सूटकेस खोलने पर, उसमें मृतक संतोष भगत का शव कम्बल से ढंका हुआ पाया गया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर, शव का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम कराया है।
आरोपिया की तलाश में महाराष्ट्र रवाना हुई टीम
मामले में आरोपिया पत्नी घटना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपिया की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि तलाश हेतु पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।





