छत्तीसगढ़ में ईद-ए-मिलाद की छुट्टी 6 सितंबर की बजाय अब 5 सितंबर को
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) की सार्वजनिक और सामान्य छुट्टी की तारीख में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पहले 6 सितंबर, 2025 (शनिवार) को घोषित यह अवकाश अब 5 सितंबर, 2025 (शुक्रवार) को रहेगा।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि पहले जारी की गई अवकाश सूची में ईद-ए-मिलाद की छुट्टी 6 सितंबर को थी, जिसे अब राज्य शासन के आदेश पर निरस्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर, सभी सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में 5 सितंबर, शुक्रवार को ईद-ए-मिलाद का अवकाश रहेगा।
इसके साथ ही, यह भी बताया गया है कि 6 सितंबर, शनिवार को अनंत चतुर्दशी के लिए घोषित ऐच्छिक अवकाश (Optional Holiday) पहले की तरह ही रहेगा। इस आदेश को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार, सचिव अविनाश चम्पावत ने जारी किया है। इसकी प्रति सभी सरकारी विभागों, कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।






