पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय लखनपुर में विधायक राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन ..
लखनपुर: पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय लखनपुर में आज अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में धूमधाम से शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर नव प्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर, पुस्तक वितरण कर और मीठा खिलाकर विद्यालय में स्वागत किया गया।

विधायक राजेश अग्रवाल ने इस सत्र से शुरू की गई यूकेजी (UKG) कक्षा का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं को निःशुल्क पानी की बोतलें भी उपलब्ध कराईं। साथ ही, ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

कार्यक्रम में कक्षा यूकेजी (UKG) और पहली कक्षा के नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं का प्रवेश उत्सव मनाया गया। विधायक के अलावा, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, राजेंद्र जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि- लुंड्रा राकेश साहू, राकेश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, सुरेंद्र साहू, विनोद हर्ष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वेच्छा सिंह और मुख्य नगर पालिका अधिकारी विद्यासागर चौधरी जैसे गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। छात्रों ने एनसीसी बैंड की गूंज के साथ जोरदार करतल ध्वनि से सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता के चित्र पर पुष्पार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। शिक्षिका भगवती सिंह ने स्वस्तिवाचन किया। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, श्रीफल और शॉल से स्वागत किया गया। श्रीमती पारुल सिन्हा ने अपने स्वागत उद्बोधन से सभी का स्वागत किया।

विधायक राजेश अग्रवाल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को 5000 रुपये नकद और प्रयास आवासीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय में चयनित छात्रों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। बोर्ड कक्षाओं में अध्यापन कराने वाले सभी विषय शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी अभिभावकों को भी श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत, छत्तीसगढ़ी समूह नृत्य और ‘स्कूल चले हम’ नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्राचार्य ने सत्र 2025-26 की कार्य योजना के बारे में अतिथियों को बताया और उनसे सहयोग की अपेक्षा की। इसमें मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम, नवोदय, प्रयास और एकलव्य जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अलग से कक्षाएं संचालित करने की बात कही गई। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विद्यालय में शून्य ड्रॉपआउट दर प्राप्त करने का भी प्रयास किया जाएगा।
विधायक राजेश अग्रवाल ने सभी छात्रों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पढ़ाई के प्रति रुझान बनाए रखने और अधिक से अधिक शाला में उपस्थित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सलाह दी कि पढ़ाई को केवल नौकरी पाने और पैसा कमाने का साधन न मानकर ज्ञान और व्यक्तित्व निर्माण के लिए अपनाया जाना चाहिए।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन श्रीमती दीप्ति पाठक ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य ऋषि कुमार पांडे, प्रधान पाठक श्रवण कुमार साहू, संकुल प्राचार्य अपूर्ण प्रधान, संकुल समन्वयक रामलोचन राजवाड़े और विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




