घरेलू विवाद में मां की हत्या की कोशिश: आरोपी पुत्र को कुसमी पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

बलरामपुर-रामानुजगंज : बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना कुसमी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डायनटोली में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ घरेलू विवाद के चलते एक कलयुगी पुत्र ने अपनी ही मां पर कुदाली से प्राणघातक हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को प्रार्थिया बिफती उरांव (पति मंगल उरांव, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम डायनटोली) अपने घर में लिपाई-पोताई का काम कर रही थी। इसी दौरान उसका पुत्र गोविन्द बेक घरेलू बात को लेकर उससे विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से घर में रखी छोटी कुदाली (कुदरा) से अपनी मां के सिर पर दो-तीन बार जोरदार वार कर दिया, जिससे प्रार्थिया गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से ‘डायल 112’ के माध्यम से आहत महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाकर उपचार हेतु भर्ती कराया गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 99/2026, धारा 109(1) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कदम उठाए। विवेचना के दौरान एफएसएल (FSL) सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, जहाँ से खून से सनी मिट्टी और साधारण मिट्टी जब्त की गई। इसके साथ ही, आरोपी के निशानदेही और कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त कुदाली को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
प्रकरण में आरोपी गोविन्द बेक (पिता स्व. मंगल बेक, उम्र 28 वर्ष, निवासी रामनगर, थाना कुसमी) को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 01 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



