बलरामपुर डीईओ का ट्रांसफर: 4.5 करोड़ के शासकीय घोटाले और गंभीर आरोपों के बीच मनीराम यादव को हटाया गया
बलरामपुर । छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव को पद से हटा दिया गया है । उनके स्थान पर नरेन्द्र कुमार निरापुरे को बलरामपुर-रामानुजगंज का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय द्वारा 28 सितंबर 2026 को जारी आधिकारिक आदेश (क्रमांक: ESTB-102(1)/585/2026/20-3) के अनुसार, यह स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर किया गया है। आदेश के तहत मोहेला-मानपुर-अं. चौकी के शासकीय हाई स्कूल कोराचा के प्राचार्य नरेन्द्र कुमार निरापुरे को पदोन्नत कर या प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज की कमान सौंपी गई है। वहीं, अब तक बलरामपुर डीईओ के रूप में जमे रहे मनीराम यादव को वहां से हटाकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, परसा, विकासखंड अंबिकापुर, जिला सरगुजा में पदस्थ किया गया है।
विवादों और घोटालों से घिरा रहा कार्यकाल
बलरामपुर के डीईओ के रूप में मनीराम यादव का पूरा कार्यकाल शुरू से ही भारी विवादों के साए में रहा है। चर्चाओं और विभिन्न शिकायतों के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान लगभग 4.5 करोड़ रुपये की शासकीय राशि के बड़े घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं सहित कई अन्य गंभीर आरोप भी सामने आए थे। स्थानीय स्तर पर इन गंभीर आरोपों और लगातार उठ रही शिकायतों के चलते डीईओ का यह पद लंबे समय से सुर्खियों में बना हुआ था, जिसके बाद शासन स्तर पर यह सख्त कदम उठाया गया है।
इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग के गलियारों में हलचल तेज हो गई है। जानकारों का मानना है कि नए डीईओ श्री नरेन्द्र कुमार निरापुरे के सामने जिले की बिगड़ी शैक्षणिक व्यवस्था को पटरी पर लाने और प्रशासनिक पारदर्शिता कायम करने की एक बड़ी चुनौती होगी। यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार उप सचिव रामेश्वर प्रसाद वर्मा द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर के साथ जारी किया गया है।





