अम्बिकापुर
अंबिकापुर: दामाद ने सुपारी देकर कराई ससुर की हत्या, मुख्य साजिशकर्ता दामाद समेत तीन आरोपी चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के अंबिकापुर में पारिवारिक विवाद के चलते एक दामाद द्वारा अपने ही ससुर की हत्या करवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर मुख्य साजिशकर्ता दामाद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, खून से सने कपड़े और बस का टिकट भी बरामद कर लिया है।
प्रार्थिया सादिया शारीन सिद्दीकी ने पुलिस को दी गई अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका अपने पति मो. नाजिम शबा के साथ न्यायालय में तलाक का मामला विचाराधीन है। पूर्व में उसके पति द्वारा उसे और उसके मायके के परिजनों को लगातार यह धमकी दी जा रही थी कि यदि केस वापस नहीं लिया गया, तो जान से खत्म कर दिया जाएगा। इस बयान और शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना कोतवाली, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। साथ ही, डीआईजी और एसएसपी सरगुजा के कड़े निर्देशों के बाद जिलेभर के सभी थाना क्षेत्रों और सीमावर्ती रास्तों पर कड़ी नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस द्वारा की गई तकनीकी और गहन जांच-पड़ताल के दौरान नामजद आरोपी मो. नाजिम शबा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम नाजिम शबा, पिता माईन अंसारी, उम्र 30 वर्ष, निवासी तकिया सरनापारा रनपुर खुर्द, थाना अंबिकापुर बताया। उसने अपने मेमोरंडम कथन में खुलासा किया कि उसने अपने ससुर वसीरुद्दीन सिद्दीकी को रास्ते से हटाने के लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय किया था। इसके तहत उसने चैनपुर पलामू (झारखंड) से कंचन कुमार और अन्य आरोपियों को अंबिकापुर बुलाया था और उन्हें तकिया निवासी गुड्डू उर्फ नेजारूद्दीन के किराए के कमरे में रुकवाया था। इसके बाद सभी ने मिलकर साजिश रची, जिसके तहत घटना के दिन कंचन कुमार और अन्य दो आरोपी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर ससुर की हत्या करने पहुंचे थे।
तकनीकी संसाधनों की मदद से अन्य आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने दूसरे आरोपी कंचन कुमार को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम कंचन कुमार, पिता स्व. अक्षय राम, उम्र 28 वर्ष, निवासी किनी इंद्रानगर, थाना चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड बताया। उसने स्वीकार किया कि उसने नाजिम शबा के कहने पर अन्य साथियों के साथ मिलकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को घटनास्थल के पास ही छिपा दिया था। आरोपी कंचन की निशानदेही पर पुलिस ने टीवीएस मोटरसाइकिल, घटना के समय पहना गया खून से सना कपड़ा और बस का टिकट जब्त कर लिया है।
इस मामले में संलिप्त तीसरे आरोपी नेजारूद्दीन उर्फ गुड्डू को भी पुलिस टीम ने हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम नेजारूद्दीन उर्फ गुड्डू, पिता नसरुद्दीन, उम्र 32 वर्ष, निवासी तकिया पानी टंकी रनपुर, अंबिकापुर बताया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। चूंकि अस्पताल में इलाज के दौरान आहत की मौत हो चुकी थी, इसलिए प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी गई। इसके अलावा, आरोपियों द्वारा आपराधिक षड्यंत्र रचकर घटना को अंजाम देने और साक्ष्य छिपाने का जुर्म प्रमाणित होने पर धारा 61(2) और 238 बीएनएस भी विस्तारित की गई। पुलिस ने पर्याप्त सबूत मिलने के बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, जिन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाने की बात पुलिस द्वारा कही गई है।









