जशपुर

जशपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी, 552 किलो गांजे के साथ 1.20 करोड़ से अधिक का माल जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

जशपुर । सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन में पूरे संभाग में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संभाग के जिलों के बीच बेहतर आपसी समन्वय और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के चलते पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 552.16 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त तीन कारें जब्त की हैं। जब्त किए गए गांजे और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह से मिले महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है

थाना कुनकुरी क्षेत्र की कार्रवाई: नाकाबंदी तोड़ भागी इनोवा से 311 किलो गांजा जब्त

पहली बड़ी कार्रवाई थाना कुनकुरी क्षेत्र में हुई। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक इनोवा कार (क्रमांक OD 17J 0205) में भारी मात्रा में गांजा लेकर कुछ तस्कर तपकरा-कुनकुरी मार्ग होते हुए अंबिकापुर की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर जय स्तंभ चौक के पास नाकाबंदी की गई। शाम करीब 6:35 बजे संदिग्ध इनोवा कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर गाड़ी तेजी से भगाने लगा। पुलिस टीम ने लगातार पीछा किया, जिसके बाद आरोपी चालक कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम बोड़ो छापर (पुटपुटी) के पास वाहन छोड़कर पास के जंगलों का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने जब लावारिस हालत में छूटी इनोवा कार की तलाशी ली, तो उसकी डिक्की से भूरे रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे कुल 295 पैकेट मिले। इनमें कुल 311.35 किलोग्राम अवैध गांजा भरा हुआ था, जिसकी कीमत लगभग 46 लाख 70 हजार 250 रुपये है। पुलिस ने 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार समेत गांजे को जब्त कर लिया है और फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

थाना बगीचा क्षेत्र की कार्रवाई: रेकी कर रही कार पकड़ी, 240 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई थाना बगीचा क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने एक ब्रेजा कार (क्रमांक OD 02 BH 9811) और एक अर्टिगा कार (क्रमांक OD 16 N 9229) को पकड़ा। पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से अंबिकापुर की तरफ जा रहे इन दोनों वाहनों में गांजा हो सकता है। नारायणपुर पुलिस ने पीछा करना शुरू किया और आगे बगीचा पुलिस ने नाकाबंदी की। घेराबंदी देखकर ग्राम मझगांव के पास डोडकी नदी के किनारे ब्रेजा कार का चालक गाड़ी छोड़कर जंगल में भाग निकला। वहीं, पुलिस ने रेकी कर रही दूसरी संदिग्ध अर्टिगा कार को सफलतापूर्वक रोक लिया। दोनों कारों की तलाशी लेने पर कुल 240 पैकेटों में से 240.810 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 36 लाख 12 हजार 150 रुपये है। अर्टिगा कार में सवार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम सचिन्द्र राउत (उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम बरा खाई, थाना लेपड़ी पड़ा, जिला सुंदरगढ़, उड़ीसा) और मोहम्मद समीर (उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम मेहताब रोड, थाना पलान साह, जिला सुंदरगढ़, उड़ीसा) बताया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मुख्य गांजा तस्करों के लिए आगे-आगे चलकर रेकी का काम कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर 10 लाख की ब्रेजा और 13 लाख की अर्टिगा कार सहित गांजा जब्त कर लिया है।

जशपुर पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर प्रहार करते हुए जनवरी 2026 से लेकर अब तक की अपनी सफलताओं के आंकड़े भी साझा किए हैं। इस अवधि में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1269.071 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये) जब्त किया है। इसके अलावा 13.50 लाख रुपये मूल्य की 1840 नग नशीली कफ सिरप, 10,800 रुपये मूल्य की 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर, 130 नग गांजे के पौधे और 875 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। इन मामलों में अब तक कुल 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 14 वाहनों को भी जब्त किया गया है।

इस संपूर्ण और सफल समन्वित कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी पुष्पेंद्र नायक, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम ब्रांच) भावेश समरथ, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव, नारायणपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, बगीचा थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव पांडे के साथ प्रधान आरक्षक पुष्कल सिंह, आरक्षक भूपेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिंज, अनिल कामरे, ईश्वर प्रसाद बारले एवं संयुक्त पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की बेहद सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button