समिति प्रबंधक ने फर्जी राजस्व आदेश से भूमि हड़पने का किया प्रयास, पुलिस ने किया गिरफ्तार

अंबिकापुर (लुण्ड्रा): कूट रचित दस्तावेज और फर्जी राजस्व आदेश के माध्यम से भूमि अपने नाम कराने के मामले में लुण्ड्रा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। आरोपी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में समिति प्रबंधक के पद पर कार्यरत बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लुण्ड्रा तहसील कार्यालय के नायब तहसीलदार प्रार्थी तुषार मानिक ने लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अनुविभागीय दण्डाधिकारी (एसडीएम) धौरपुर के न्यायालयीन प्रकरण के आवेदक मो. मुस्लिम फिरदौसी (पिता स्व. मोहिउद्दीन, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम खाराकोना, थाना लुण्ड्रा, जिला सरगुजा) एवं उसके साथी ने खाराकोना स्थित भूमि (खसरा नंबर 814/1, 814/3, 814/4, रकबा क्रमशः 2.40, 0.113, 0.433 हेक्टेयर) को अपने नाम पर दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर 2023 को आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके लिए माननीय राजस्व मंडल बिलासपुर के प्रकरण क्रमांक M/16/R/07/2019 (आदेश दिनांक 01.06.2019) के कूट रचित आदेश को असली आदेश के रूप में पेश किया गया था।
जांच में आदेश पूरी तरह फर्जी पाए जाने पर थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता (भा.द.सं.) की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी, गवाहों के कथन और जब्त दस्तावेजों के आधार पर अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी मो. मुस्लिम फिरदौसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया तथा उसकी निशानदेही पर राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति जप्ती पत्रक के माध्यम से जब्त की गई।
आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड हेतु माननीय न्यायालय में पेश किया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपी की तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है और विवेचना जारी है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक अच्युतचंद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक विशाल मिश्रा, आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान, शिवप्रसाद खलखो और वीरेंद्र खलखो की सक्रिय भूमिका रही।




