अघोषित बिजली कटौती से पहले ही बेहाल थे शहरवासी, अब सुधार कार्य के नाम पर 16 जुलाई को फिर ठप रहेगी बिजली, सरगवां उपकेंद्र में सुधार कार्य के चलते बंद रहेगी बिजली
अंबिकापुर। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों बिजली की बार-बार होने वाली अघोषित कटौती ने आम जनता को बुरी तरह परेशान कर दिया है। दिन हो या रात, बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बत्ती गुल होने और ट्रिपिंग की समस्या से नागरिक अत्यधिक त्रस्त हो चुके हैं। इस अघोषित कटौती के कारण लोगों के रोजमर्रा के काम ठप हो रहे हैं और उमस भरी गर्मी में जनता का गुस्सा बिजली विभाग के खिलाफ लगातार बढ़ता जा रहा है।
इस गंभीर समस्या के बीच, छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड (अंबिकापुर संभाग) द्वारा एक आधिकारिक सूचना जारी की गई है। विभाग के मुताबिक, 33/11 के.वी. सरगवां उपकेंद्र में आवश्यक रखरखाव एवं सुधार कार्य किया जाना अनिवार्य है।
इस सुधार कार्य की वजह से उपकेंद्र से निकलने वाले 11 के.वी. फीडरों से जुड़े समस्त गांवों और प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
लगातार अघोषित कटौती का सामना कर रहे शहरवासियों का कहना है कि आए दिन होने वाले सुधार कार्यों के बावजूद उन्हें निर्बाध बिजली नहीं मिल पा रही है। हर थोड़े समय में बिजली गुल होने से व्यापार और घरेलू काम पूरी तरह प्रभावित हैं।
विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता (सं/सं) संभाग ने उपभोक्ताओं को होने वाली इस असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है और सहयोग की अपील की है। साथ ही विभाग ने नोट जारी कर बताया है कि आवश्यकतानुसार इस कटौती की समयावधि को घटाया या बढ़ाया भी जा सकता है।





