अंबिकापुर में स्वदेशी जागरण मंच का प्रांतीय विचार वर्ग 13 जून से, देश के प्रख्यात अर्थशास्त्री रखेंगे अपनी बात

अंबिकापुर। स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलम्बी भारत अभियान, छत्तीसगढ़ प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में मां महामाया की पावन धरा अंबिकापुर में आगामी 13 और 14 जून 2026 को प्रांतीय विचार वर्ग एवं कार्यशाला का आयोजन होने जा रहा है। इसी कड़ी में 13 जून (शनिवार) को शाम 7:00 बजे से शहर के ‘माखन विहार’ में एक भव्य “प्रबुद्धजन संवाद एवं विचार गोष्ठी” आयोजित की जाएगी।
इस विचार गोष्ठी के मुख्य वक्ता देश के सुप्रसिद्ध अर्थशास्त्री एवं स्वदेशी चिंतक डॉ. अश्विनी महाजन होंगे। वे वर्तमान वैश्विक और राष्ट्रीय आर्थिक परिस्थितियों के बीच आम नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों और बुद्धिजीवियों के मन में उठ रहे विभिन्न सवालों पर अपना मार्गदर्शन देंगें
इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर होगा मंथन:
विश्व अर्थव्यवस्था किस दिशा में आगे बढ़ रही है?
वर्तमान दौर में भारत के समक्ष कौन-कौन सी बड़ी चुनौतियाँ और अवसर हैं?
इन परिस्थितियों में “युगानुकूल स्वदेशी” का सही मार्ग क्या हो सकता है?
स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक व स्वावलम्बी भारत अभियान (छत्तीसगढ़ प्रांत) के प्रांत समन्वयक जगदीश पटेल ने बताया कि यह गोष्ठी क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्ग के लिए वैचारिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने नगर के सभी गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध जनों और व्यापारियों से इस गोष्ठी में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने का सादर अनुरोध किया है। गोष्ठी के समापन के उपरांत सभी आगंतुकों के लिए रात्रि भोज की व्यवस्था भी रखी गई है।




