भैयाथान: दो बाइकों की भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरी महिला, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचला, मौके पर ही मौत

भैयाथान | (लालचंद शर्मा) सूरजपुर जिले के
भैयाथान के ग्राम पंचायत केवरा में दो बाइकों की आपसी भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरी एक महिला को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला बाइक से गिरकर सड़क के बीच आ गई और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मृतिका के शव को झिलमिली थाना ले जाने की प्रक्रिया शुरू की तो ग्रामीणों का आक्रोश और अधिक भड़क उठा।

पुलिस द्वारा शव को सीधे थाने ले जाने के निर्णय से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस संवेदनशीलता दिखाने के बजाय मामले में जल्दबाजी कर रही है। चक्काजाम के कारण मार्ग के दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। ग्रामीणों की मांग है कि फरार ट्रेलर चालक की तुरंत गिरफ्तारी हो और पुलिस इस मामले में पारदर्शिता के साथ उचित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करे। पुलिस प्रशासन ने दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर झिलमिली थाना परिसर में खड़ा कराया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।





